ब्रेकिंग न्यूज़: गौतमबुद्धनगर में कोचिंग संस्थानों पर सख्ती: 46 संस्थानों की आज जांच, 7 को सील, 2 में अग्निशमन व्यवस्था खराब

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कोचिंग संस्थानों की अग्नि सुरक्षा और पंजीकरण की जांच के लिए एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया है। इस टीम में सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) शामिल हैं।

बुधवार को संयुक्त टीम द्वारा कमिश्नरेट क्षेत्र में संचालित 46 कोचिंग संस्थानों की जांच की गई। जांच के दौरान पंजीकरण अभिलेखों और फायर फाइटिंग उपकरणों का गहन परीक्षण किया गया।
जांच में पाए गए अनियमितताएं:

2 कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था मानकों के अनुसार नहीं पाई गई, जिनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।
7 कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण नहीं पाए जाने पर DIOS द्वारा तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

सभी कोचिंग संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा निर्धारित अग्नि एवं भवन सुरक्षा मानकों, पंजीकरण तथा अन्य अनुमतियों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।

टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर बिना पूर्व सूचना के सीलिंग, संचालन प्रतिबंध एवं नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संचालक की होगी।

अब तक की कार्रवाई:
जनपद में अब तक कुल 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें 9 संस्थानों को सील किया गया है तथा 12 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।

पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि इस प्रकार की संयुक्त जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जन सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कोई भी कोचिंग संस्थान लापरवाही नहीं बरत सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *