गौतमबुद्धनगर: जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई बड़े अफसर नदारद, डीएम हुई नाराज

गौतमबुद्धनगर, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने और यातायात नियमों के पालन के लिए जिलाधिकारी मेधा रुपम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, लेकिन इस बैठक में प्रमुख अधिकारियों की अनुपस्थिति ने पूरे माहौल को प्रभावित कर दिया। बैठक की अध्यक्षता कर रही जिलाधिकारी मेधा रुपम ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और डीसीपी ट्रैफिक की अनुपस्थिति पर खुलकर नाराजगी व्यक्त की।

बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासनिक दायित्व के साथ-साथ कानूनी और सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए, लेकिन प्रमुख अधिकारियों के गैर-मौजूद रहने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और प्राधिकरण अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग,
ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए।

ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर
अल्पकालिक व दीर्घकालिक सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। अवैध कटों को बंद करने और सड़क सुरक्षा संकेतकों को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल प्रवर्तन कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और ट्रैफिक नियमों के प्रति आमजन को जागरूक किया जाए।

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ईडीएआर पोर्टल पर हर दुर्घटना का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण एंट्री निर्धारित समयसीमा में करने के सख्त निर्देश दिए। इससे पीड़ितों को मुआवजा और बीमा क्लेम का निपटारा शीघ्र हो सकेगा।स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने परिवहन विभाग को शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर सभी स्कूलों में वाहन फिटनेस, चालकों की आंखों व स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। बिना फिटनेस वाले स्कूली वाहनों को सड़क पर न उतरने देने की चेतावनी भी दी।

इसके अलावा जनपद की प्रमुख सड़कों और यातायात प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर होल्डिंग एरिया चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में बड़ी अनुपस्थिति
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा) तथा डीसीपी ट्रैफिक के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ऐसी महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख अधिकारियों का न पहुंचना गंभीर विषय है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी (जेवर) दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. उदित नारायण पांडेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कंचन सहित पुलिस, प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि अगली बैठक में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *