राजनीति की बिसात: गुर्जर समाज ने केंद्र व यूपी में कैबिनेट मंत्री पद की मांग की, भाजपा नेतृत्व से जताई नाराजगी,

-31 अक्टूबर को रामलीला मैदान में होगी गुर्जर स्वाभिमान रैली
नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार में गुर्जर समाज के लिए कैबिनेट मंत्री पद की मांग करते हुए भाजपा नेतृत्व के प्रति गहरी नाराजगी जताई है। महासभा का आरोप है कि गुर्जर समाज का राजनीतिक योगदान देखते हुए उसे उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है।
नोएडा सेक्टर-61 में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि गुर्जर समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की सुरक्षा और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन आजादी के इतने दशकों बाद भी उसे राष्ट्रीय राजनीति में सम्मानजनक स्थान नहीं मिल सका।
हरिश्चंद्र भाटी ने केंद्र सरकार से आग्रह करते हुए कहा, “आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में गुर्जर समाज को कैबिनेट मंत्री पद सुनिश्चित किया जाए।” उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल चुनाव में गुर्जर वोट लेते हैं, लेकिन सत्ता और संगठन में भागीदारी देने से बचते हैं।
31 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ा शक्ति  प्रदर्शन
महासभा ने 31 अक्टूबर (सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती) को दिल्ली के रामलीला मैदान में “गुर्जर समाज स्वाभिमान रैली” आयोजित करने का ऐलान किया है। इसमें देश-विदेश से लाखों गुर्जरों के शामिल होने की संभावना है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविन्द्र भाटी ने कहा, “अब समाज केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगा। जो दल गुर्जर समाज को उचित प्रतिनिधित्व देगा, उसी का समर्थन मिलेगा।”
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों में अरुण भाटी (राष्ट्रीय सचिव) धीरेंद्र वर्मा (राष्ट्रीय सचिव) व सुनील भाटी (उत्तर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष) शामिल रहे।
महासभा ने स्पष्ट किया कि यह रैली किसी एक दल के विरोध में नहीं, बल्कि सभी दलों को यह लोकतांत्रिक संदेश है कि गुर्जर समाज अब अपनी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *