सेक्टर-62 में होगा अनूठा रामलीला महोत्सव, भजन जैमिंग से युवाओं को जोड़ने की तैयारी, दशहरा पर 6 पुतलों का होगा दहन

-शुभारंभ डॉ. महेश शर्मा और पंकज सिंह करेंगे

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति ने सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में आयोजित प्रेस वार्ता में श्रीरामलीला महोत्सव-2026 की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार 11 अक्टूबर से बुधवार 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से भव्य रामलीला मंचन होगा।

मुख्य कार्यक्रम
रामलीला कमेटी के महासचिव डॉ मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि संजीव कुमार के निर्देशन में मुरादाबाद की जानकी कला मंच के लगभग 60 कलाकार ग्यारह दिनों तक लीला प्रस्तुत करेंगे। 11 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा तथा नोएडा विधायक पंकज सिंह द्वारा महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।

12 अक्टूबर को श्रीराम जन्म के अवसर पर भजन गायक गगन राठौड़ और उनकी टीम द्वारा भजन जैमिंग का कार्यक्रम होगा। समिति का उद्देश्य इस आयोजन के जरिए जेन-जी और युवाओं को रामलीला से जोड़ना है, ताकि वे भगवान राम के चरित्र और आदर्शों से परिचित हो सकें।

15 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे सेक्टर-20 स्थित श्री हनुमान मंदिर से श्रीराम बारात शोभायात्रा निकलेगी। यह डीएम कार्यालय, सेक्टर-19, हरौला और अन्य इलाकों से होते हुए सेक्टर-62 रामलीला स्थल पहुंचेगी, जहां राजा जनक द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। आतिशबाजी और बैंड पार्टी भी मौजूद रहेगी।

20 अक्टूबर को शाम 5 बजे श्रीराम-रावण युद्ध के बाद रावण (70 फुट), कुम्भकरण (65 फुट) और मेघनाद (60 फुट) के पुतलों का दहन होगा। आतंकवाद, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। 21 अक्टूबर को श्रीराम राज्याभिषेक और भरत मिलाप के साथ महोत्सव का समापन होगा।

सुरक्षा और व्यवस्थाएं
अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया कि सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ प्राइवेट सुरक्षा कर्मी, स्वयंसेवक, अग्निशमन उपकरण, तीन दर्जन सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और स्क्रीन की व्यवस्था रहेगी। फेलिक्स अस्पताल के चिकित्सक प्राथमिक उपचार, ब्लड प्रेशर और शुगर जांच की सुविधा देंगे। दर्शकों के लिए एक हजार सोफे और तीन हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। खाने-पीने के स्टॉल भी लगेंगे।

चेयरमैन उमाशंकर गर्ग ने कहा कि महोत्सव में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष विमला बाथम, सांसद सतीश गौतम, सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र सिंह भाटी, पूर्व राज्यमंत्री नवाब सिंह नागर और मदन चौहान सहित अन्य गणमान्य अतिथि सम्मिलित होंगे।

प्रेस वार्ता में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गर्ग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोयल सहित अन्य पदाधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति का प्रयास है कि भजन जैमिंग जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को रामलीला से जोड़ा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *