देहरादून,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अयोध्या, बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों और करोड़ों रुपये के चढ़ावे की चोरी का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रवक्ता और पूर्व मंत्री धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि भाजपा नेताओं को तत्काल जेल भेजा जाए। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के हवाले से बताया कि इस कृत्य के विरोध में 8 जुलाई को राज्य भर के सभी मंदिरों में कांग्रेस कार्यकर्ता उपवास रखेंगे और सत्याग्रह करेंगे। धीरेंद्र प्रताप ने मांग की कि अयोध्या, बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में हुई चोरी की जांच सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से कराई जाए।
पौड़ी गढ़वाल के तीन दिवसीय दौरे से लौटने के बाद जारी बयान में उन्होंने कहा, “जो लोग खुद को हिंदू धर्म के सबसे बड़े पुरोधा बताते हैं और भाजपा-आरएसएस द्वारा ट्रेंड किए जाते हैं, वही आज इन मंदिरों में चोरी के मुख्य अभियुक्त बन गए हैं। यह शर्म की बात है।”धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस चढ़ावा चोरों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी और बारिश या तूफान कुछ भी हो, परिवर्तन यात्रा सहित अपने कार्यक्रमों से पीछे नहीं हटेगी।
अन्य मुद्दे:गढ़वाल में बाघों द्वारा किसानों की हत्याओं पर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रत्येक मृतक परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने और गांवों की घेराबंदी की मांग की।
कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के नेतृत्व वाले परिवर्तन अभियान की सराहना की और कहा कि अगर हरीश रावत और यशपाल आर्य भी इसमें शामिल हों तो 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत तय है। युवा कांग्रेस नेताओं की टीम को मजबूत बताया।
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर टिप्पणी की निंदा:
धीरेंद्र प्रताप ने लैंसडाउन विधायक दिलीप सिंह रावत द्वारा वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के बारे में की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा की और कहा कि उन्हें हरिद्वार में गंगा स्नान कर इस पाप के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इसे स्वाधीनता सेनानियों और सेना का अपमान बताया।धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह संगठित है और 2027 में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
