नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित मतदेय स्थलों की संशोधित सूची जारी कर दी है। इस प्रस्ताव के अनुसार जनपद में 6 मतदान केंद्र बढ़ाए जा रहे हैं, जबकि 102 मतदेय स्थल घटाए जा रहे हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार बदलाव:
61-नोएडा: 233 मतदान केंद्रों की जगह 232 (1 कम) और 811 मतदेय स्थलों की जगह 784 (27 कम) प्रस्तावित।
62-दादरी: 303 मतदान केंद्रों की जगह 313 (10 ज्यादा) और 794 मतदेय स्थलों की जगह 743 (51 कम) प्रस्तावित।
63-जेवर: 207 मतदान केंद्रों की जगह 204 (3 कम) और 419 मतदेय स्थलों की जगह 395 (24 कम) प्रस्तावित।
कुल मिलाकर जनपद में वर्तमान 743 मतदान केंद्रों की जगह 749 (6 ज्यादा) और 2024 मतदेय स्थलों की जगह 1922 (102 कम) प्रस्तावित किए गए हैं।
जारी की गई इस सूची को 10 जुलाई 2026 तक आम जनता और राजनीतिक दलों के निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराया गया है। सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय और जनपद की वेबसाइट gbnagar.nic.in पर निशुल्क देखी जा सकती है।
महत्वपूर्ण सूचना:
कोई भी व्यक्ति या राजनीतिक दल यदि प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर कोई आपत्ति दर्ज कराना चाहता है या कोई सुझाव देना चाहता है, तो वह 10 जुलाई 2026 से पहले लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकता है।प्रशासन ने मतदान सुविधा को बेहतर बनाने के साथ-साथ कुछ मतदेय स्थलों को तर्कसंगत बनाने का यह प्रस्ताव रखा है।
