ब्रेकिंग न्यूज़: नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा: ई-रिक्शा बैटरी चोरी गैंग का पर्दाफाश, एनसीआर में सक्रिय 4 आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा में ई-रिक्शा की बैटरियां चुराने वाले एक संगठित गिरोह को थाना फेस-1 पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने 10 अगस्त 2026 को स्थानीय खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी की मदद से सेक्टर-14 व सेक्टर-15 के बीच बने पुल के पास चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 13 स्मार्ट लीथियम बैटरियां, 414 लीथियम बैटरी सेल और घटना से जुड़े 11,800 रुपये नकद बरामद हुए।

कैसे करते थे चोरी?

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे पहले रैकी करते थे। दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के आसपास के इलाकों में एकांत में खड़ी ई-रिक्शाओं को निशाना बनाते थे। रात के समय या कम भीड़ वाले स्थानों पर जाकर बैटरी निकाल लेते और छिपाकर रख देते। जरूरत पड़ने पर मजबूरी का बहाना बनाकर एक-एक करके कबाड़ियों को बेच देते और पैसा आपस में बांट लेते। यह गैंग एनसीआर में सक्रिय था और पहले भी थाना जैतपुर (साउथ दिल्ली) क्षेत्र में बड़ी संख्या में बैटरियां चुरा चुका था। आरोपी पहले भी उस मामले में जेल जा चुके थे।

पुलिस ने कैसे पकड़ा?

थाना फेस-1 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी। जानकारी मिलते ही सेक्टर-14 और 15 के बीच पुल के पास छापा मारा और चारों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी में स्मार्ट लीथियम बैटरियां और बड़ी संख्या में सेल मिले, जो चोरी की पुष्टि करते हैं।
पकड़े गए बदमाशों में कासिम उर्फ लक्की (21), पुत्र मेहंदी हसन, निवासी इकरामनगर, थाना लोनी, गाजियाबाद,
रहीशउल्ला (29), पुत्र शफीक अहमद, निवासी इकरामनगर, थाना लोनी, गाजियाबाद,
शाहनवाज (28), पुत्र मौ. इकबाल, निवासी भागीरथी विहार, थाना दयालपुर, दिल्ली
रिजवान (23) और पुत्र मौ. हनीफ, निवासी ओल्ड मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली आदि शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि यह गिरोह ई-रिक्शा चालकों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था। आगे की जांच में और आरोपियों तथा कबाड़ियों से जुड़े एंगल की पड़ताल की जा रही है। नोएडा पुलिस ने इस सफलता को स्थानीय खुफिया तंत्र की जीत बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *