नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (एनएमआरसी) ने 13 अगस्त 2026 को अपने परिचालन इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस दिन रिकॉर्ड 93,887 यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया, जो अब तक की सर्वाधिक दैनिक यात्री संख्या है।
यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब मेट्रो सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मेरठ संभागीय आयुक्त कार्यालय में 4 अगस्त 2026 को दोपहर 1:30 बजे आयोजित बैठक में नोएडा और गाजियाबाद के मेट्रो स्टेशनों से अंतिम मील कनेक्टिविटी सुधारने पर विशेष बल दिया गया था। एनएमआरसी इस दिशा में सकारात्मक प्रयास कर रही है।रिकॉर्ड यात्री संख्या के बावजूद विकास की और गुंजाइश है।
एनएमआरसी ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा, कैब, टैक्सी और बाइक जैसे मध्यवर्ती सार्वजनिक परिवहन साधनों को मेट्रो से जोड़ने पर विचार कर रही है। इससे यात्रियों को अंतिम गंतव्य तक अधिक व्यवस्थित और विश्वसनीय कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इस संबंध में रैपिडो और सहकार टैक्सी के साथ बातचीत चल रही है।
इन सेवाओं में सुधार से मेट्रो यात्रा और सुविधाजनक बनेगी तथा अधिक लोग मेट्रो का उपयोग करने के लिए प्रेरित होंगे। इससे यात्री संख्या और बढ़ेगी, किराया व गैर-किराया राजस्व में वृद्धि होगी, मौजूदा बुनियादी ढांचे का बेहतर उपयोग होगा, परिचालन दक्षता सुधरेगी और संगठन की वित्तीय स्थिरता मजबूत होगी।नोएडा मेट्रो की यह उपलब्धि और अंतिम मील कनेक्टिविटी के प्रयास शहरवासियों के लिए बेहतर सार्वजनिक परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकते हैं।
