नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
सेक्टर-126 में नोएडा प्राधिकरण लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से आकर्षक मॉडल रोड विकसित कर रहा है। इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और सौंदर्य दोनों में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
नोएडा प्राधिकरण के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सेक्टर-126 प्रमुख संस्थागत क्षेत्र है, जहां कई प्रतिष्ठित संस्थान और स्कूल संचालित हैं। आवागमन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने तथा सेक्टर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से सीईओ के निर्देश पर यह काम शुरू किया गया है।
करीब 450 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 283.23 लाख रुपये है। सड़क के दोनों ओर सुव्यवस्थित फुटपाथ और नालियां बनाई जाएंगी। फुटपाथ पर ग्रेनाइट स्टोन और टैक्टाइल टाइल्स लगाई जाएंगी, जिससे पैदल यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित रास्ता मिलेगा।काम पूरा होने के बाद सेक्टर-126 की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार होगा। क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को अधिक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
