ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
थाना बीटा-2 पुलिस ने लूट की झूठी सूचना देकर नकदी हड़पने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 3 लाख 88 हजार 700 रुपये और घटना में इस्तेमाल हुई कार बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पुनीत कुमार वशिष्ठ (पुत्र महेश कुमार वशिष्ठ) फ्लैट नंबर 407, अल्फा-1, थाना बीटा-2 का निवासी है। पुलिस ने उसे गुरुवार को महानंदन टी-पॉइंट के पास से गिरफ्तार किया।
मामले के अनुसार पुनीत ब्लिंकिट स्टोर के डिस्ट्रीब्यूटर वैश्वनी एंटरप्राइजेज का कैश कलेक्शन बैंक में जमा करने का काम करता था। 18 अगस्त को वह पूर्वांचल रॉयल सिटी से 3,88,700 रुपये अपनी कार (यूपी 16 एफआर 9983) में लेकर बैंक जा रहा था। लेकिन रास्ते में उसकी नीयत खराब हो गई। उसने पैसे बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिए और लूट की झूठी सूचना थाना बीटा-2 में दर्ज करा दी।
उसी दिन मुकदमा संख्या 319/2026 धारा 303(2)/324(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में जब सच्चाई सामने आई तो पता चला कि कोई लूट नहीं हुई, बल्कि खुद अभियुक्त ने पैसे हड़प लिए थे। इसके बाद नया मुकदमा धारा 316(2)/317(2)/240 बीएनएस के तहत दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।बरामदगी में 3,88,700 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त कार शामिल है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
