चुनावी वर्ष में किसानों को तोहफा: ग्रेटर नोएडा में किसानों का मुआवजा 4125 से बढ़कर 6415 रुपये प्रति वर्ग मीटर

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बोर्ड ने किसानों की जमीन के मुआवजे में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। नई दर 6415 रुपये प्रति वर्ग मीटर मंजूर की गई है। अभी तक 4125 रुपये प्रति वर्ग मीटर मिल रहा था। एकमुश्त 2290 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो 55.5 प्रतिशत है।

बोर्ड ने दस साल बाद छह प्रतिशत आबादी भूखंड देने का प्रावधान भी फिर शुरू कर दिया है। वर्ष 2016 में यह व्यवस्था बंद कर दी गई थी। छह प्रतिशत आबादी भूखंड लेने वाले किसानों को 5725 रुपये प्रति वर्ग मीटर मुआवजा मिलेगा। उनके लिए अलग सेक्टर विकसित किए जाएंगे। ये सेक्टर आवासीय, औद्योगिक और बिल्डर सेक्टर की तर्ज पर बनाए जाएंगे।

प्राधिकरण के पक्ष में जमीन की रजिस्ट्री होते ही किसानों को आबादी भूखंड का आरक्षण पत्र दिया जाएगा। आबादी भूखंड का न्यूनतम क्षेत्रफल 40 वर्ग मीटर और अधिकतम 2500 वर्ग मीटर होगा। प्रमुख मार्ग से लगी जमीन वाले किसानों को आवंटन में प्राथमिकता मिलेगी। भूमि पर मौजूद परिसंपत्तियों का मुआवजा अलग से दिया जाएगा।मुआवजा किसान के खाते में सीधे ट्रांसफर होगा। अधिग्रहण आसान बनाने के लिए एसीईओ की अध्यक्षता में जमीन अधिग्रहण सेल बनेगी।

प्राधिकरण के अनुसार 2014-15 से 2021-22 तक दर 3500 रुपये प्रति वर्ग मीटर थी। 2022-23 में 3750 और 2023-24 में 4125 रुपये हो गई थी। 2026-27 के लिए अब 6415 रुपये तय किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *