-ईकोटेक-3 पुलिस ने सीसीटीवी से पहचान कर शव बरामद किया, बलात्कार की आशंका पर भी जांच
नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम हल्दौनी में करीब छह वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार मामला 28 अगस्त को परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ था। तहरीर में बताया गया था कि बच्ची घर से बिना बताए कहीं चली गई है।
डीसीपी ने कहा कि तलाश के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य स्रोतों से आरोपी की पहचान की। इसके बाद शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण पूरा कर लिया है। आरोपी हिरासत में है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।प्रारंभिक जानकारी में यह भी कहा जा रहा है कि संदिग्ध बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया। हत्या के बाद शव को बोरी में रखकर बाहर ले जाने का आरोप है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आने की बात कही गई है। मामले में बलात्कार के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही आएगा।
