नोएडा: 200 ई-बसों का फोनरवा ने किया स्वागत, रूट तय करने से पहले रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन से सुझाव मांगे

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने नोएडा में 200 नई ई-बसों के संचालन की पहल का स्वागत किया है। संगठन ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विभिन्न सेक्टरों के निवासियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन मिलेगा।

फोनरवा के अनुसार प्रस्तावित बस सेवा को नोएडा के सेक्टरों के साथ दिल्ली और अन्य प्रमुख स्थानों से जोड़ने की योजना है, जिससे बड़ी संख्या में नागरिक लाभ उठा सकेंगे।

संगठन के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि ई-बस सेवा का पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब रूट और बस स्टॉप तय करते समय निवासियों की वास्तविक जरूरत और सुझाव भी शामिल किए जाएं। उन्होंने सीईओ से अनुरोध किया कि रूट और स्टॉप अंतिम रूप देने से पहले फोनरवा के पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई जाए। इस बैठक में विभिन्न सेक्टरों की RWAs के सुझाव प्राधिकरण के समक्ष रखे जा सकते हैं।

फोनरवा का कहना है कि रूट तय करते समय आवासीय सेक्टर, प्रमुख बाजार, मेट्रो स्टेशन, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, औद्योगिक क्षेत्र और दिल्ली से जुड़ने वाले प्रमुख मार्ग प्राथमिकता पर होने चाहिए। संगठन को उम्मीद है कि प्राधिकरण बैठक आयोजित कर सेवा को अधिक जनोपयोगी और प्रभावी बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *