-नोएडा स्टेडियम में दस दिन चलेगी ओपन टी-20 प्रतियोगिता, आठ टीमें और 15 मैच
नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
सियाचिन ग्लेशियर पर 5 अक्टूबर 1998 को शहीद हुए कैप्टन शशिकांत शर्मा की याद में पिछले 26 वर्षों से लगातार चल रहा कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (ओपन) इस वर्ष भी 5 अक्टूबर से नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए के क्रिकेट मैदान पर शुरू होगा।मानव सेवा समिति, नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट, नोएडा प्रमोटर्स एंड डेवलपर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एनपीडीए) और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के तत्वावधान में तथा नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता शहीद के परिजनों, नगरवासियों और भाग लेने वाली टीमों के लिए हर वर्ष का विशेष आयोजन बन चुकी है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष यू के भारद्वाज ने बताया कि यह टूर्नामेंट शहीदी दिवस 5 अक्टूबर पर कैप्टन शशिकांत शर्मा को श्रद्धांजलि का माध्यम बना रहेगा।कैप्टन शशिकांत शर्मा ने मात्र 23 वर्ष की आयु में दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन पर पाकिस्तानी सैनिकों से लोहा लेते हुए देश के लिए प्राण न्योछावर किए थे।
इस वर्ष दस दिन चलेगी 20-20 ओवर की प्रतियोगिता
आयोजन सचिव सुभाष शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें लीग कम नॉकआउट फॉर्मेट में 15 मैच खेलेंगी। हर टीम को कम से कम तीन मैच खेलने का मौका मिलेगा। भाग लेने वाली टीमें हैं एस्टर क्रिकेट अकादमी, पायनियर क्रिकेट क्लब, विश्व फॉल्कन्स, एमएस स्पोर्ट्स, खुर्राट 11, स्किल इंडिया पॉवर, वंडर्स क्लब नोएडा और स्टार XI क्रिकेट अकादमी।
यू के भारद्वाज के अनुसार पुरस्कार राशि में विजेता टीम को 50,000 रुपये, उपविजेता को 25,000 रुपये, टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 11,000 रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और गेंदबाज को 5,100-5,100 रुपये तथा सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी को 2,100 रुपये दिए जाएंगे। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, किट और अन्य पुरस्कार भी मिलेंगे।
अंपायरिंग व स्कोरिंग डीडीसीए पैनल के अंपायर लेखराज और उनके साथी करेंगे।
पिछले वर्षों के उद्घाटन और समापन समारोहों में प्राधिकरण व शासन के वरिष्ठ अधिकारी, विधायक पंकज सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, नवाब सिंह नागर, सत्यवीर गुर्जर सहित मदनलाल, चेतन चौहान, अशोक मल्होत्रा, गुरशरण सिंह, चेतन शर्मा, अजय जडेजा, विजय दहिया, विजय यादव, सबा करीम, प्रवीण कुमार, परविंदर अवाना, कोच संजय भारद्वाज और राजीव शुक्ल जैसे क्रिकेट हस्तियां शामिल हो चुके हैं।
नोएडा के पूर्व चेयरमैन देवदत्त शर्मा ने एक टूर्नामेंट के उद्घाटन के दौरान नोएडा स्टेडियम के एक द्वार का नाम शशिकांत द्वार और गोल्फ कोर्स के पास गोलचक्कर का नाम शशिकांत चौक रखा था।आयोजन से जुड़े पदाधिकारी यूके भारद्वाज (अध्यक्ष, मानव सेवा समिति व डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन), सुभाष शर्मा (सचिव व क्रिकेट कोच), भूपेंद्र शर्मा (अध्यक्ष, एनपीडीए), अतुल गौड़ (सचिव, मानव सेवा समिति), शुभम भारद्वाज (कोषाध्यक्ष) और अमन भारद्वाज (सचिव, आयोजन समिति) आदि हैं।
