
-दादरी विधायक तेजपाल नागर ने किया शुभारंभ, कूड़े से बनेगी खाद और आरडीएफ
ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्वच्छता की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए लखनावली स्थित फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट मंगलवार से चालू कर दिया है। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वी.एस. व सुमित यादव तथा ओएसडी गिरीश कुमार झा की मौजूदगी में प्लांट का शुभारंभ किया।
विधायक ने प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है।प्राधिकरण के अनुसार सेक्टरों और गांवों से प्रतिदिन करीब 800 टन कूड़ा निकलता है, जो लखनावली में एकत्र होता है। इसे रोज प्रोसेस न करने पर ढेर लगने का खतरा रहता है।
सीईओ एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर प्लांट का निर्माण कराया गया। अब गीले कूड़े से खाद और सूखे कूड़े से आरडीएफ बनेगा, जिसे सीमेंट कारखानों को दिया जाएगा।लखनावली में पुराने लिगेसी वेस्ट का प्रोसेसिंग कार्य पहले से चल रहा था। फ्रेश वेस्ट प्लांट शुरू होने से रोजाना निकलने वाले कूड़े के निस्तारण की समस्या दूर होने की उम्मीद है। इस मौके पर वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव, प्रबंधक दिव्या चौधरी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
