खास खबर: मयूर विहार से एम्स तक सिग्नल-फ्री सफर, 29 सितंबर से खुलेगा बारापुला फेज-3

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद, मयूर विहार फेज 3 के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत वाली खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर सोमवार 29 सितंबर से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भी शामिल होंगे।

नया 3.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग मयूर विहार फेज-1 से शुरू होकर यमुना नदी के ऊपर से गुजरेगा और सराय काले खां के पास मौजूदा बारापुला फ्लाईओवर से जुड़ जाएगा। इससे पूरा कॉरिडोर करीब नौ किलोमीटर का हो जाएगा। मयूर विहार से एम्स तक अब बिना सिग्नल के सीधा सफर संभव होगा।

वर्तमान में पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से एम्स या दक्षिण दिल्ली पहुंचने में पीक आवर्स के दौरान 35 से 40 मिनट या उससे अधिक समय लगता है। अधिकारियों के अनुसार नया मार्ग खुलने के बाद यह दूरी करीब 15 मिनट में तय की जा सकेगी।

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने परियोजना स्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि यह कॉरिडोर पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों का करीब एक दशक का इंतजार अब खत्म हो रहा है।इससे डीएनडी फ्लाईवे, राष्ट्रीय राजमार्ग-24, रिंग रोड और सराय काले खां इलाके पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। पूर्वी दिल्ली से दक्षिण दिल्ली जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक तेज मार्ग मिल जाएगा।

परियोजना की लागत बढ़कर लगभग 1635 करोड़ रुपये हो गई है। इसे वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी और 2015 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था। कई बाधाओं के कारण इसमें देरी हुई। नए हिस्से में यमुना पर एक्स्ट्रा-डोस्ड ब्रिज बनाया गया है। भारत में पहली बार किसी फ्लाईओवर पर समर्पित साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं भी दी गई हैं। मयूर विहार और सराय काले खां दोनों ओर कई लूप और रैंप बनाए गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि यह मार्ग न केवल यात्रा का समय घटाएगा, बल्कि जाम और प्रदूषण कम करने में भी सहायक सिद्ध होगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि शुरुआती दिनों में एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स की जानकारी रखकर ही सफर करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *