खास खबर: नोएडा में 21 अक्टूबर से गंगाजल बाधित, ट्यूबवेल पर जनरेटर नहीं होने से बिजली कटौती पर संकट की आशंका

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
गंग नहर की वार्षिक सफाई और मरम्मत के चलते नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति 21 अक्टूबर से बाधित रहेगी। सिंचाई विभाग हरिद्वार से नहर में पानी 20 अक्टूबर की मध्यरात्रि से बंद कर रहा है। पानी गाजियाबाद के प्लांट तक पहुंचने में समय लगता है, इसलिए शहर में असर 21 अक्टूबर से दिखेगा। आपूर्ति नवंबर के पहले सप्ताह तक सामान्य नहीं हो पाएगी।

हर वर्ष विजयादशमी से दीपावली के बीच नहर बंद होती है। इस बार विजयादशमी 20 अक्टूबर को है। मिली जानकारी के अनुसार नहर 20 अक्टूबर की आधी रात से 7–8 नवंबर की मध्यरात्रि तक बंद रहेगी। पानी दोबारा छोड़े जाने के बाद गाजियाबाद-नोएडा तक पहुंचने में एक-दो दिन लग सकते हैं।गंगाजल मिलने पर आपूर्ति अपेक्षाकृत स्थिर रहती है।

नहर बंद होने पर नोएडा प्राधिकरण नलकूप और रैनीवेल पर निर्भर रहेगा। शहर की दैनिक मांग करीब 553 एमएलडी है, जिसमें से करीब 240 एमएलडी गंगाजल गाजियाबाद के प्रताप विहार और सिद्धार्थ विहार प्लांटों से आता है। यह हिस्सा कटने से कई सेक्टरों में प्रेशर गिरने की आशंका है। ऊपरी मंजिलों और दूर के इलाकों में पानी देर से या कम दबाव में पहुंच सकता है।स्थिति इसलिए भी संवेदनशील है कि नोएडा की ज्यादातर ट्यूबवेलों पर जनरेटर नहीं हैं। बिजली सप्लाई बाधित होने पर ये नलकूप बंद हो जाएंगे और गंगाजल न होने की स्थिति में पेयजल संकट बढ़ सकता है। त्योहारों में खपत भी अधिक रहती है। निवासियों से पानी बचाकर इस्तेमाल करने को कहा जा रहा है।

गाजियाबाद के इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी और सिद्धार्थ विहार तथा मेरठ-मोदीनगर में भी इसी अवधि में गंगाजल नहीं मिलेगा। नहर में पानी छोड़ने के बाद सप्लाई सामान्य होने में एक-दो दिन लग सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *