नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा के सबसे बड़े गोल्फ कोर्स में नोएडा गोल्फ कोर्स मैनेजमेंट बोर्ड के लिए 17 अक्टूबर को छह सदस्यों का चुनाव होगा। सेक्टर 38 स्थित गोल्फ कोर्स में अध्यक्ष नोएडा प्राधिकरण के अध्यक्ष होते हैं। सदस्य सचिव के रूप में एसीईओ या अध्यक्ष द्वारा नामित अधिकारी होते हैं। दो सदस्य प्राधिकरण के अध्यक्ष किसी को भी नामित करते हैं। बाकी का चयन चुनाव से होता है।
इनमें से चार सदस्य जनरल कैटेगरी, एक आर्मी और एक एयरफोर्स व नेवी के कोटे से चुने जाएंगे। क्लब में कुल 6800 सदस्य हैं, जिन्हें मतदान का अधिकार है। चुनाव लड़ने वालों में जनरल क्लास के चार सदस्यों के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें अमर पी एन सिंह, डॉ हरीश त्रिपाठी, नलिनी शर्मा, सिमरजीत सिंह, संदीप जिंदल, सुरेश जैन और उमेश दुबे शामिल हैं।
आर्मी कोटे से एक सदस्य के लिए चार उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। ये हैं—रिटायर्ड मेजर जनरल विभूति भूषण, रिटायर्ड कर्नल जे एम अरोड़ा, रिटायर्ड कर्नल सुभाष चन्द्र शर्मा और रिटायर्ड कर्नल सुनील यादव।
एयरफोर्स व नेवी के कोटे से एक सदस्य के चुनाव के लिए रिटायर्ड स्क्वाड्रन लीडर मोहित खन्ना और रिटायर्ड ग्रुप कैप्टेन ओ पी गुप्ता मैदान में हैं।सभी में रोचक मुकाबला देखा जा रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा दिलचस्प मुकाबला जनरल क्लास का है, जहां सात प्रत्याशियों में से चार को चुना जाएगा। क्लब के सदस्यों के बीच इस चुनाव को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं।
