–20 हजार वर्ग मीटर भूखंड की जरूरत, 500 युवाओं को रोजगार देने की योजना; तीनों एसीईओ से हुई बैठक
ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा का दौरा किया और प्राधिकरण के बोर्ड रूम में तीनों एसीईओ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल से ग्रेटर नोएडा के इंफ्रास्ट्रक्चर, नीतियों और लैंड बैंक के बारे में विस्तृत जानकारी ली।कंपनी को लगभग 20 हजार वर्ग मीटर भूखंड की आवश्यकता है। वह लगभग 150 करोड़ रुपये का निवेश करने और 500 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल (इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लिमिटेड) के इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की सबसे स्मार्ट टाउनशिप में से एक है और प्लग एंड प्ले सिस्टम पर विकसित की गई है। उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को बहुत कम समय में भूखंड आवंटित किए जाएंगे। उद्योग लगाने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से विकसित कर दी गई हैं, जिससे भूखंड आवंटित होते ही उद्यमी तुरंत काम शुरू कर सकते हैं। राष्ट्रीय राजधानी के निकट होने के साथ ही यह टाउनशिप सड़क, रेल और वायु कनेक्टिविटी के मामले में अन्य शहरों से काफी बेहतर स्थिति में है।
कंपनी के प्रतिनिधियों में मैगनस एंडरसन, मिसेल ग्रिंडबोर्न, टोरकेल कोगलोसा, इंडिया के एवीपी देवेंद्र शर्मा और जनरल मैनेजर अजीत सिंह शामिल रहे। बैठक में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय और उद्यमी मित्र भी मौजूद रहे।कंपनी के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा में निवेश की सकारात्मक इच्छा जताई है।
