दादरी विधायक तेजपाल नागर ने यूपी विधानसभा में उठाए ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो विस्तार और किसानों के अटके मुद्दे

-हाई पावर कमेटी की सिफारिशें तत्काल लागू करने, मुआवजा बढ़ाने और मेट्रो कनेक्टिविटी पर जोरदार मांग
लखनऊ/ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
दादरी विधानसभा के भाजपा विधायक तेजपाल सिंह नागर ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को मजबूती से उठाया। हाल ही में पेश बजट की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और निवेश के मामले में अग्रणी बना हुआ है।

विधायक ने विशेष रूप से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों की लंबित मांग पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में फ्लैटों की संख्या सबसे अधिक है और यहां लाखों लोग रहते हैं, लेकिन अभी तक मेट्रो सुविधा नहीं पहुंच पाई है। विधायक ने मांग की कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ते हुए जल्द से जल्द मेट्रो सेवा शुरू की जाए। यह मांग क्षेत्रवासियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि बेहतर कनेक्टिविटी से दैनिक आवागमन आसान होगा और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

इसके साथ ही विधायक ने गौतम बुद्ध नगर के हजारों किसानों की पुरानी समस्याओं को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ये मुद्दे पूर्व की सरकारों द्वारा “दहेज” की तरह छोड़ दिए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार किसानों के हित में सक्रिय है। किसानों के मुआवजे में वृद्धि की लंबे समय से चली आ रही मांग पर बल देते हुए विधायक ने बताया कि जिले में किसानों का मुआवजा कई वर्षों से नहीं बढ़ा है। विधायक ने हाई पावर कमेटी का जिक्र करते हुए कहा कि कमेटी ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण सिफारिशें की हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन सिफारिशों को तत्काल लागू किया जाए ताकि किसानों को न्याय मिल सके।

विधायक तेजपाल नागर ने अन्य मुद्दों पर भी ध्यान आकर्षित किया:

दादरी क्षेत्र की कई कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए रास्तों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स और पानी निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग।
उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दादरी में मिहिर भोज इंडस्ट्री स्थापित करने का प्रस्ताव।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हाल के हादसों (जैसे युवराज मेहता की मौत) को देखते हुए जिले में एनडीआरएफ यूनिट की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता।

विधायक ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार इन जनहित के मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगी

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *