गौतमबुद्ध नगर: होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई,100 किलो गंदे गुलाब जामुन नष्ट, हजारों टिन तेल जब्त

-5 नमूने जांच के लिए भेजे, फोर्टिफिकेशन नियम तोड़ने पर सख्ती
नोएडा/ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
होली के त्योहार को देखते हुए जनपद के लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापेमारी शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी मेधा रुपम के निर्देश पर विभाग की टीमें विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंच रही हैं और संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच करा रही हैं। रविवार की दो बड़ी कार्रवाइयों में विभाग ने कुल 5 नमूने जांच के लिए भेजे और बड़ी मात्रा में खराब/नियम-विरुद्ध सामग्री जब्त की।
सेक्टर-62 में गंदे गुलाब जामुन
रसूलपुर नवादा, सेक्टर-62 स्थित सम्यक मिठाईवाला पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना और अमर बहादुर सरोज की टीम ने छापा मारा। यहां लगभग 100 किलोग्राम गुलाब जामुन मक्खी-मच्छरों से प्रदूषित पाए गए। टीम ने एक नमूना लेकर शेष पूरी मात्रा को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
कासना में तेल फैक्ट्री पर सख्ती
जे-81, यूपीसीडा इंडस्ट्रियल एरिया, साइट-5, कासना (ग्रेटर नोएडा) स्थित जानकी बल्लभ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड (खाद्य तेल निर्माण इकाई) पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में टीम पहुंची। टीम में मुकेश कुमार, रविंद्र नाथ वर्मा, विजय बहादुर पटेल और सय्यद इबादुल्लाह शामिल थे।
यहां पाए गए उल्लंघन:

  • Nutriglow ब्रांड के रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल में फोर्टिफिकेशन (पोषक तत्व मिश्रण) का लोगो गलत तरीके से लगाया गया था।
  • बैच नंबर और अन्य अभिलेख मौके पर नहीं दिखाए गए।
  • Nutrilive Gold ब्रांड के 91 टिन रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल एक्सपायर हो चुके थे (ट्रेडिंग के लिए रखे गए)।

कार्रवाई:

  • Nutriglow ब्रांड के 291 टिन, 3968 पैक्ड पाउच रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और 6995 पैक्ड पाउच रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल जब्त।
  • एक्सपायर्ड 91 टिन जब्त।
  • कुल 5 नमूने (750 ग्राम और 13 किलो पैक सहित) जांच के लिए लैब भेजे गए।

सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) सर्वेश मिश्रा ने बताया कि होली के मौके पर ऐसे अभियान जारी रहेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं ताकि बाजार में मिलावटी, अस्वच्छ या नियम-विरुद्ध खाद्य पदार्थ न बिकें। जनता से अपील है कि वे भी संदिग्ध सामग्री देखने पर तुरंत सूचना दें।विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *