नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
सेक्टर-62 स्थित NIOS मुख्यालय में प्रेरणा परिवार द्वारा आयोजित प्रेरणा पत्रकार होली मिलन समारोह बड़ी गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन पत्रकार समुदाय के बीच आपसी संवाद, सौहार्द और सांस्कृतिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें होली के रंगों के साथ राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश भी गूंजा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर ने संबोधित किया। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के ‘पंच परिवर्तन’ अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में उत्सव समाज को जोड़ने और सकारात्मक संवाद बढ़ाने का माध्यम हैं। उन्होंने पत्रकारिता को समाज का सजग प्रहरी बताते हुए राष्ट्र निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।संयोग से यह दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी था। मुख्य अतिथि ने उपस्थित महिलाओं को नमन करते हुए समाज निर्माण में नारी शक्ति के योगदान को रेखांकित किया।
वरिष्ठ पत्रकार अवधेश कुमार ने प्राचीन भारतीय परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि ऋग्वेद में कई महिला ऋषियों का उल्लेख मिलता है, जो दर्शाता है कि भारत में महिलाओं ने सदैव ज्ञान, विचार और नेतृत्व में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने नारी को शक्ति, ज्ञान और सृजन का आधार बताते हुए भारतीय संस्कृति की महिमा गाई।
प्रसार भारती की सलाहकार स्मिता मिश्रा ने होली के सांस्कृतिक महत्व और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए, तथा पत्रकारों के अनुभवों को जोड़ते हुए समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में देश के वरिष्ठ पत्रकारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिनमें अनंत विजय, ब्रजेश सिंह, ब्रजेश श्रीवास्तव, प्रतिबिम्ब शर्मा, अशोक श्रीवास्तव, प्रखर श्रीवास्तव, मीनाक्षी जोशी, अखिलेश आनंद, प्रमिला दीक्षित, विष्णु शर्मा और स्वप्निल सारस्वत सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े लगभग 125 पत्रकार शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कुल मिलाकर 175 से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिसमें पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक भी उपस्थित रहे।
मंच संचालन करुण कपिल (प्रचार प्रमुख, वैशाली महानगर) ने किया, जबकि गीत-संगीत की प्रस्तुति हरिश्चन्द्र (सह-प्रचार प्रमुख, हरनंदी) के नेतृत्व में बहन वैशाली, ताराचंद और अमित ने की, जिसने वातावरण को उत्सवपूर्ण बना दिया। समारोह का समापन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मेरठ प्रांत के सह-प्रचार प्रमुख डॉ. अनिल के धन्यवाद ज्ञापन के बाद पारंपरिक फूलों की होली खेलकर हुआ।
सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में सकारात्मक संवाद व सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया।
प्रेरणा परिवार ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
![]()
