नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर, अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) पर 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग क्षेत्र और अन्य प्रमुख व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) के प्रशासनिक कार्यालय में आयोजित बैठक में अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से, पूरी सुव्यवस्था और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं।अपर मुख्य सचिव ने यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देते हुए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण, ट्रैफिक डायवर्जन की पूर्व सूचना जनता तक पहुंचाने और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं, अग्नि सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों से पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की ताकि कार्यक्रम निर्विघ्न और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस मौके पर जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, विशेष सचिव मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह, यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन, सीओओ किरन जैन, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर अभय दुर्गेश सिंह, डीसीपी पूनम मिश्रा, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर सहित अन्य वरिष्ठ जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च 2026 को प्रस्तावित है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन और जनसभा की संभावना है। इसी संदर्भ में सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *