नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पंकज सिंह ने बुधवार को नोएडा क्षेत्र में निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी एलिवेटेड रोड परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ला रेगुलेटर (दिल्ली) से महामाया फ्लाईओवर, एम.पी.-3 मार्ग (नोएडा) तक बन रहे 5.570 किलोमीटर लंबे 6 लेन एलिवेटेड रोड का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक कपिल सिंह तथा उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
विधायक ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कार्य लक्षित गति से आगे चल रहा है। संबंधित अधिकारियों ने अवगत कराया कि परियोजना का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
परियोजना की मुख्य बातें:
- कुल लंबाई: 5.570 किमी
- लेन: 6 लेन एलिवेटेड रोड
- अनुमानित लागत: ₹892.75 करोड़
- नोएडा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश शासन की समान भागीदारी वाली परियोजना
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य नोएडा क्षेत्र में भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करना है। अधिकारियों ने बताया कि चिल्ला एलिवेटेड रोड को शहदरा ड्रेन के समानांतर आगे ले जाते हुए कालिंदी कुंज रोड पार कर सेक्टर-94 के समीप पुस्ता मार्ग से जोड़ा जाएगा। आईआईटी रुड़की द्वारा इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है।
पुस्ता मार्ग के सुदृढ़ीकरण के बाद मयूर विहार से सेक्टर-150 की ओर जाने वाला ट्रैफिक निर्बाध गति से संचालित हो सकेगा, जिससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का कुछ यातायात इस नए मार्ग पर डायवर्ट किया जा सकेगा। पुस्ता मार्ग सुदृढ़ीकरण के लिए एमओयू गठन की प्रक्रिया चल रही है।यह परियोजना पूरा होने के बाद नोएडा-दिल्ली सीमा पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।