खाटूश्यामजी भक्तों को बड़ी सौगात: सुंदरपुरा में बनेगा आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया स्थल निरीक्षण

सीकर/नई दिल्ली, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

खाटूश्यामजी मंदिर आने वाले देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को सीकर दौरे के दौरान प्रस्तावित खाटूश्यामजी-सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन के निर्माण को हरी झंडी दे दी। उन्होंने स्वयं सुंदरपुरा पहुंचकर स्टेशन स्थल का निरीक्षण किया और घोषणा की कि 12 महीने के अंदर यह आधुनिक स्टेशन तैयार हो जाएगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उनकी सुविधा और सुगम यात्रा के लिए सुंदरपुरा में खाटू श्याम रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। यह स्टेशन खाटूश्यामजी मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर हाईवे के किनारे स्थित होगा। स्टेशन के मुख्य द्वार का पोस्टर भी जारी किया गया।मंत्री ने बताया कि स्टेशन निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू होगा।

इस परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र की रेल सुविधाओं में बड़ा परिवर्तन आएगा और बाबा श्याम के भक्तों को रिंगास या अन्य स्टेशनों की तुलना में निकटतम रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।इसके अलावा, रेल मंत्री ने सीकर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन के निर्माण को भी मंजूरी दे दी, जिससे ट्रेनों की मेंटेनेंस और परिचालन में सुविधा बढ़ेगी।

अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा, “श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यात्रा के लिए सुंदरपुरा में आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।” खाटूश्यामजी मंदिर में प्रतिवर्ष लाखों-करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। नया स्टेशन बनने से यात्रा का समय और परेशानी दोनों कम होंगे। स्थानीय लोगों और भक्तों ने इस घोषणा का स्वागत किया है और रेल मंत्री का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *