नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) ने एनसीआर स्थित भूटानी ग्रुप को नोएडा सेक्टर 38ए में स्थित 147.48 एकड़ के एंटरटेनमेंट सिटी प्रोजेक्ट का अधिग्रहण करने का रास्ता साफ कर दिया है। इस प्रोजेक्ट में द ग्रेट इंडिया प्लेस (जीआईपी मॉल), गार्डेंस गैलेरिया मॉल, वर्ल्ड्स ऑफ वंडर (WoW) अम्यूजमेंट पार्क और किडज़ानिया शामिल हैं।
एनसीएलटी के आदेश के अनुसार, एंटरटेनमेंट सिटी लिमिटेड को भूटानी ग्रुप की इकाई परमेश कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के नाम 4.26 प्रतिशत इक्विटी शेयर ट्रांसफर रजिस्टर करना होगा।
न्यायाधिकरण ने यूनिटेक होल्डिंग लिमिटेड की आपत्तियों को खारिज कर दिया। भूटानी ग्रुप ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से इस प्रोजेक्ट को हासिल किया है। एनसीएलटी का यह फैसला लंबे समय से चले आ रहे शेयर ट्रांसफर और स्वामित्व संबंधी विवाद को समाप्त करता है।
एंटरटेनमेंट सिटी उत्तर भारत के प्रमुख एकीकृत मनोरंजन और खुदरा गंतव्यों में से एक है। भूटानी ग्रुप ने एनसीएलटी के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि वह सभी हितधारकों के साथ मिलकर प्रोजेक्ट को पुनर्जीवित करने और इसके विकास के लिए कार्य करेगा।
उल्लेखनीय यह प्रोजेक्ट यूनिटेक होल्डिंग लिमिटेड और इंटरनेशनल अम्यूजमेंट लिमिटेड का संयुक्त उद्यम है। एनसीएलटी के इस फैसले से नोएडा के रियल एस्टेट और मनोरंजन क्षेत्र में नई गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।
