नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को डीसीपी (यातायात) अभय कुमार मिश्रा के साथ बैठक कर नोएडा शहर की बढ़ती यातायात समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की और विभिन्न सेक्टरों से प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को डीसीपी (यातायात) अभय कुमार मिश्रा के साथ बैठक कर नोएडा शहर की बढ़ती यातायात समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की और विभिन्न सेक्टरों से प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का ज्ञापन सौंपा।
फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि नोएडा में अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो का अनियंत्रित संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण और प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम से रोजाना नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
फोनरवा के महासचिव के. के. जैन ने प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाने, अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड बनाने तथा स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों के आसपास विशेष यातायात प्रबंधन लागू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल और दिशा-सूचक संकेतकों को आधुनिक बनाने तथा प्राइवेट बसों के लिए अलग बस स्टैंड विकसित करने का सुझाव दिया।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-117 के अध्यक्ष कोसिंदर यादव ने एफएनजी चौराहे (सेक्टर-80 फेज-2 से सेक्टर-112) पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग की। उन्होंने बताया कि सिग्नल न होने से सुबह के समय भारी जाम लगता है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-55 के अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने रेडिएंट एकेडमी के अभिभावकों को केवल गेट नंबर-8 तक ही बच्चों को छोड़ने के निर्देश देने की अपील की, ताकि आवासीय गलियों में वाहनों का प्रवेश कम हो।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-122 (5%) के महासचिव भूषण शर्मा ने पर्थला फ्लाईओवर से पहले नया यू-टर्न बनाने का सुझाव दिया, जिससे सेक्टर-117, 119, 120 एवं 122 के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-36 की अध्यक्ष अनीता ने सेक्टर-31 एवं 36 को जोड़ने वाली सड़क पर डिवाइडर और फुटपाथ बनाने की मांग की, ताकि तेज रफ्तार बसों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।बैठक में सड़क सुरक्षा बढ़ाने, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई और ट्रैफिक पुलिस व आरडब्ल्यूए के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने का भी सुझाव दिया गया।
डीसीपी (यातायात) अभय कुमार मिश्रा ने फोनरवा द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी में योगेंद्र शर्मा, के. के. जैन, विजय भाटी, श्याम सिंह यादव, जी. एस. सचदेवा, ओमवीर बंसल, कोसिंदर यादव, अनीता, भूषण शर्मा, गोविंद शर्मा, सतनारायण गोयल, आर. के. सिंह, रामपाल भाटी सहित विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी शामिल हुए।
