दादरी, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में 14 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 10:00 बजे दादरी स्थित 1857 के अमर क्रांतिकारी राजा राव उमराव सिंह भाटी के स्मृति स्थल पर भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गंगाजल से जलाभिषेक एवं हवन-पूजन के साथ होगा। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा राव उमराव सिंह भाटी के योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। क्षेत्र के किसान, सामाजिक संगठन, विद्वान, इतिहासकार, अधिवक्ता, शिक्षाविद और समाजसेवी अपने विचार व्यक्त करेंगे तथा वीर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने बताया कि 1857 की क्रांति में दादरी की वीरभूमि का ऐतिहासिक योगदान रहा है और राजा राव उमराव सिंह भाटी का बलिदान देश के स्वतंत्रता संग्राम का गौरवशाली अध्याय है।
प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी एवं जिला प्रभारी अजब सिंह भाटी (बढ़पुरा) ने कहा कि संगठन लगातार प्रतिमा के सौंदर्यीकरण, रखरखाव और उचित स्थान पर स्थापना की मांग कर रहा है। कार्यकर्ताओं ने स्मृति स्थल की साफ-सफाई शुरू कर दी है।
डॉ. मोहसिन (पश्चिम उत्तर प्रदेश महासचिव), युवा जिला अध्यक्ष आयुष शर्मा और जिला अध्यक्ष (अल्पसंख्यक) दानिश ने सभी नगरवासियों, युवाओं, किसानों और संगठनों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
