नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-164 को प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित कर रहा है। यहां कुल 72 औद्योगिक भूखंड नियोजित हैं। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सेक्टर-163 और 164 के बीच 45 मीटर चौड़ी सड़क पहले ही बन चुकी है। अब इस मार्ग पर सेंट्रल वर्ज और सर्विस रोड बनेगी।
नोएडा प्राधिकरण के सम्बंधित अधिकारियों ने बताया कि इस सड़क पर सेंट्रल वर्ज (रोड डिवाइडर) न होने से वाहन एक लेन से दूसरी लेन में बेरोकटोक आते-जाते थे, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता था। स्थानीय औद्योगिक संस्थानों की मांग और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इस मार्ग पर सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज बनाने के निर्देश दिए हैं।
इस कार्य के लिए 3 करोड़ 42 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। मार्ग के दोनों ओर 3.50 मीटर चौड़ी सर्विस रोड और 90 सेंटीमीटर ऊंचा सेंट्रल वर्ज बनाया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य अवार्ड कर दिया गया है।
अगले छह महीने में यह निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।काम पूरा होने के बाद क्षेत्र के उद्यमियों, कर्मचारियों और दैनिक कामगारों का आवागमन अधिक सुगम, निर्बाध और सुरक्षित हो जाएगा।
