नोएडा: सर्फाबाद गांव में प्रदूषित अवस्था में पाए गए 100 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए, 07 नमूने जांच के लिए भेजे

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में है। विभाग की टीम ने सरफाबाद सेक्टर-72 स्थित एक रसगुल्ला निर्माणशाला से करीब 100 किलो रसगुल्ले प्रदूषित अवस्था और मक्खी-मच्छर पड़े होने के कारण नष्ट करा दिए।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने सरफाबाद सेक्टर-72 स्थित प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला से रसगुल्ले का एक नमूना लिया। शेष लगभग 100 किलो रसगुल्ले प्रदूषित पाए जाने पर नष्ट कराए गए।

इससे पहले 23 अगस्त की रात जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान चौधरी डेरी (पिसावा जलालपुर, अलीगढ़) की इको गाड़ी (यूपी 16 एमटी 2839) से दिल्ली जा रहे पनीर का एक नमूना और बाजना मथुरा की भीमसेन डेरी की गाड़ी (यूपी 85 एफटी 1028) से दो पनीर के नमूने लिए गए। 24 अगस्त को सेक्टर-134 बीएस बीकानेर स्वीट्स से घेवर का एक नमूना तथा इकोटेक-2 प्लॉट नंबर 66 स्थित शगुन स्वीट की निर्माणशाला से एक खोया और एक घेवर का नमूना लिया गया।इस प्रकार कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग शुद्ध दूध और दूध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चला रहा है। आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *