नोएडा: हिण्डन पुश्ता पार नोएडा में बिजली की समस्या को लेकर 6 सितंबर को महापंचायत का आयोजन

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)

पुश्ता पार नोएडा में लंबे समय से चली आ रही गंभीर बिजली समस्या को लेकर 6 सितंबर को विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी।

भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने यह जानकारी देते हुए क्षेत्र के सभी नागरिकों, किसानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से महापंचायत में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।खलीफा का कहना है कि प्रधानमंत्री द्वारा घर-घर बिजली पहुंचाने के दावे के बावजूद पुश्ता पार नोएडा में रहने वाले करीब ढाई लाख लोग आज भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि अब इसे और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खलीफा सुखबीर के अनुसार, नोएडा में हजारों बिजली कनेक्शन दिए गए थे, लेकिन अब वे काट दिए गए हैं। रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज होने के बाद भी पुश्ता पार कॉलोनीवासियों के साथ यह व्यवहार अन्यायपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार के फरमान के बाद लाइट नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर देश में मजदूर के बच्चों की हिफाजत नहीं होगी और उन्हें सुविधाएं नहीं मिलेंगी, तो अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी। खलीफा के मुताबिक, पिछले दो महीने लगातार धरना चला था।

इस दौरान गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया था कि लखनऊ के सीएमडी से बात कराई जाएगी, लेकिन कोई वार्ता या ठोस कार्य नहीं हुआ। इसी कारण महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।

संगठन का संकल्प है कि बिजली समस्या का स्थायी समाधान निकलवाया जाएगा। सुखबीर खलीफा ने कहा कि एकता ही ताकत है और 6 सितंबर की महापंचायत में लोग अपना हक लेकर रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *