नई दिल्ली, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
दिल्ली हिंदी साहित्य सम्मेलन की पुरस्कार प्रतियोगिता-2026 में हास्य कवि बाबा कानपुरी को उनकी छंद प्रधान काव्य कृति आशाओं के दीप के लिए सम्मेलन साहित्य श्री सम्मान दिया गया। सम्मान बुधवार को हिंदी भवन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अनिल जोशी ने प्रदान किया। डॉ. जोशी वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष और केंद्रीय हिंदी शिक्षण मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष हैं।
समारोह में सम्मेलन की अध्यक्षा इंदिरा मोहन, महामंत्री डॉ. हरीश अरोड़ा, संगठन मंत्री आचार्य अनमोल और देश के अनेक कवि-साहित्यकार मौजूद रहे। बाबा कानपुरी के साथ दस अन्य साहित्यकारों को भी सम्मानित किया गया। चंद्रभानु आर्य और डॉ. अंजु दुआ जैमिनी को सम्मेलन साहित्य रत्न, कमलेश पांडे ‘पुष्प’, घमंडी लाल अग्रवाल और अशोक कश्यप को सम्मेलन साहित्य विभूषण, नीलम मदान और पुष्पा सिन्हा को सम्मेलन साहित्य भूषण तथा कविता विकास, डॉ. मनीषा गिरी और नीती जैन को सम्मेलन साहित्य श्री सम्मान मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और बाबा कानपुरी की सरस्वती वंदना से हुआ। उन्होंने हास्य रस में वंदना सुनाई, जिस पर दर्शकों ने तालियां बजाईं। इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रो. रवि शर्मा ‘मधुप’, कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा सहित नवीन झा, डॉ. हरि सिंह पाल, डॉ. नीलम सिंह, डॉ. वीणा गौतम, डॉ. ओंकार त्रिपाठी, सदानंद पांडेय, रवि शंकर तिवारी, डॉ. पुष्पेंद्र शर्मा, किसलय शर्मा, समीर पांडेय, पूर्णिमा शर्मा और उद्धव विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।
