नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
लगभग एक महीने तक डटे रहने के बाद हिण्डन डूब क्षेत्र के लोगों की जिद रंग लाई। 7 सितंबर से जारी भूख हड़ताल और धरना 28वें दिन सफलता के साथ स्थगित हो गया, जब बिजली विभाग को मौके पर आदेश की प्रति देनी पड़ी। आदेश में टेंपरेरी के बजाय परमानेंट घरेलू कनेक्शन देने की बात कही गई है।
धरना स्थल पर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कमर्शियल, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर टेक्निकल तथा एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह, एसीपी प्रथम और एसीपी तृतीय पहुँचे। अधिकारियों ने बताया कि डूब क्षेत्र के लगभग ढाई से तीन लाख लोगों को घरेलू बिजली कनेक्शन की सुविधा दी जाएगी। शुल्क 5.50 रुपये प्रति यूनिट रहेगा।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने जूस पिलाकर महिला शक्ति का अनशन तुड़वाया।बिजली विभाग के अधिकारियों ने माइक से धरना स्थल पर जुटे लगभग 5,000 लोगों को आदेश की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि प्रत्येक परिवार को बिजली का अधिकार मिलेगा। खबर फैलते ही खुशी की लहर दौड़ पड़ी। महिलाओं ने “हमारा संघर्ष जिंदाबाद, बिजली-पानी लेकर रहेंगे” के नारे लगाए।
भारतीय किसान परिषद के सुखबीर खलीफा ने कहा कि जनता के जज्बे के आगे सरकार को आदेश करना ही पड़ा। उन्होंने इसे कामगार वर्ग के हक की जीत बताया और कहा कि परिषद हर वर्ग के अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखेगी।