खास खबर: CAIT की मांग पर MDR शुल्क का प्रस्ताव टाला, त्योहारी सीजन में व्यापारियों को राहत

नई दिल्ली/ नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने व्यापारी समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण राहत की घोषणा की है। व्यापारियों की मांग पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) शुल्क लगाने के प्रस्ताव को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
नोएडा सेक्टर 18 ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और CAIT की एनसीआर के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन का कहना है कि इस कदम से त्योहारी सीजन के दौरान व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और डिजिटल भुगतान के प्रति उनका भरोसा बना रहेगा। उन्होंने बताया कि CAIT के प्रतिनिधिमंडल ने 30 सितंबर 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की थी और MDR शुल्क के प्रस्ताव को टालने का आग्रह किया था। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री के प्रति आभार जताया है कि उन्होंने व्यापारियों की चिंताओं को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लिया।
CAIT का कहना है कि एक मजबूत डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए व्यापारियों का आर्थिक रूप से सशक्त होना जरूरी है। सरकार और व्यापारी समुदाय के बीच बेहतर समन्वय से ही समावेशी और आत्मनिर्भर डिजिटल भारत की नींव मजबूत हो सकती है।संगठन ने इस फैसले को व्यापारियों के हित में लिया गया कदम बताया है और कहा है कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ छोटे और मध्यम व्यापारियों की आर्थिक स्थिति का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *