नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा के निवासियों को दादरी तहसील की लंबी दूरी से हो रही असुविधा के खिलाफ फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, सेक्टर-34 ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नोएडा में नई तहसील गठित करने की मांग की है।
पत्र महासचिव धर्मेन्द्र शर्मा की ओर से भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में पूरा नोएडा क्षेत्र दादरी तहसील के अधीन आता है। सेक्टर-34 और आसपास के इलाकों से दादरी तहसील लगभग 40 किलोमीटर दूर है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, नौकरीपेशा नागरिकों और किसानों को जमीन की रजिस्ट्री, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र तथा अन्य राजस्व संबंधी कामों के लिए पूरा दिन और अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है।
शर्मा ने लिखा है कि नोएडा की आबादी अब कई लाख हो चुकी है। इतनी बड़ी आबादी के लिए स्थानीय स्तर पर स्वतंत्र तहसील का न होना गंभीर समस्या है। दादरी आने-जाने में नागरिकों का कीमती समय और पैसा बर्बाद होता है। नोएडा में तहसील बनने से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी और सरकार के राजस्व में भी वृद्धि हो सकती है।पत्र में मुख्यमंत्री से नोएडा में नई तहसील के गठन की स्वीकृति देने का आग्रह किया गया है। इसे जनहित और प्रशासनिक सुगमता से जोड़ते हुए कहा गया है कि इस फैसले से पूरे नोएडा के निवासियों को राहत मिलेगी।
