-पुलिस उपायुक्त ने एसीपी-थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर अपराध नियंत्रण की समीक्षा की;
हिस्ट्रीशीटर्स की निगरानी, इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निस्तारण पर दिए निर्देश
ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बुधवार को समस्त एसीपी एवं थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की निगरानी बढ़ाने, सक्रिय अपराधियों व गैंगस्टरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने, वांछित और इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार करने तथा लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि रखने, रात्रि गश्त और पैदल गश्त को प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग करने तथा बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए।
गोष्ठी में जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखने तथा प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्षता से कार्यवाही करने पर विशेष बल दिया गया। सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध रोकथाम के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन कदमों से ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण मजबूत होगा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।
